Home बिहार NH-19 पर टमाटर से लदे पिकअप और ट्रक की भीषण टक्कर, तीन...

NH-19 पर टमाटर से लदे पिकअप और ट्रक की भीषण टक्कर, तीन लोग गंभीर रूप से घायल

185
0
A fierce collision between a tomato-laden pickup and a truck on NH-19, three people seriously injured

रोहतास: रोहतास जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर शुक्रवार की अहले सुबह टमाटर से लदे पिकअप और ट्रक की भीषण टक्कर हो गई, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एनएचएआई के कर्मियों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बाहर रैफर कर दिया। यह घटना जिले के धौड़ाड़ थाना क्षेत्र के ताराचंडी के पास हुई। बताया गया है कि डेहरी से सासाराम आ रही पिकअप अनियंत्रित होकर ताराचंडी के पास एक ट्रक से टकरा गई।

टक्कर के बाद पिकअप में भयंकर आग लग गई, जिसमें पिकअप चालक बुरी तरह झुलस गया और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई के कर्मचारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और तीनों घायलों को पिकअप से बाहर निकालकर सदर अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों में सुनील कुमार (30) पिता गोरख शाह और अभिषेक कुमार (34) पिता जितेंद्र सिंह, कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के गांव कसोई के रहने वाले हैं, जबकि तीसरा घायल शालू कुमार (33), मोहनिया थाना क्षेत्र के गोपीगंज का निवासी है।

GNSU Admission Open 2026

सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने बताया कि ताराचंडी के पास हुई टक्कर में एक व्यक्ति बुरी तरह झुलस गया है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए बाहर रैफर कर दिया गया है, जबकि एक व्यक्ति का सदर अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही धौड़ाड़ थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



GNSU Admission Open 2026