A bus carrying passengers from Kerala from Gaya to Ayodhya collided with a lorry, injuring 23; the driver is in critical condition.

बक्सर: गया में पिंडदान की प्रक्रिया पूरी करने के बाद अयोध्या जा रहे केरल के यात्रियों से भरी टूरिस्ट बस सोमवार तड़के बक्सर में सड़क किनारे खड़ी लॉरी से पीछे से टकरा गई। हादसे में बस चालक रमेश स्वामी समेत 23 यात्री घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सो रहे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, केरल से 27 यात्रियों का दल टूरिस्ट बस से गया पहुंचा था। गयाजी में पिंडदान करने के बाद सभी यात्री अयोध्या के लिए रवाना हुए। बस रात करीब 10 बजे गया से चली थी। सोमवार सुबह लगभग तीन बजे वीर कुंवर सिंह गंगा सेतु पार करने के बाद उत्तर प्रदेश की सीमा से पहले सड़क किनारे खड़ी लॉरी से बस की जोरदार भिड़ंत हो गई।

GNSU Admission Open 2026

हादसे के वक्त ज्यादातर यात्री गहरी नींद में थे। अचानक हुई टक्कर के कारण कई यात्री अपनी सीटों से आगे गिर गए और उन्हें चोटें आईं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बस से बाहर निकाला गया और बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में बस चालक रमेश स्वामी को गंभीर चोटें आई हैं। चार यात्रियों की स्थिति भी अपेक्षाकृत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज बक्सर सदर अस्पताल में जारी है। वहीं, मामूली रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। कुछ यात्री बक्सर स्टेशन पहुंचे और ट्रेन से अपनी आगे की यात्रा के लिए रवाना हो गए।

घायल यात्रियों के मुताबिक, टक्कर के समय अधिकांश लोग सो रहे थे। एक यात्री ने चालक को झपकी आने की बात बताई है, हालांकि हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। औद्योगिक थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया है और मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल अधिकांश यात्रियों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।