9 kg of marijuana recovered in Kaimur, two accused arrested with trolley bag

कैमूर: बिहार के कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में पुलिस और DIU की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 9 किलो गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, DIU टीम को सूचना मिली थी कि उड़ीसा से पुरुषोत्तम एक्सप्रेस ट्रेन के जरिए दो लोग गांजा लेकर मोहनिया पहुंचने वाले हैं। बताया गया था कि उनके पास एक ट्रॉली बैग है, जिसमें गांजा छिपाकर लाया जा रहा है।

GNSU Admission Open 2026

सूचना के आधार पर DIU और मोहनिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मोहनिया हाई स्कूल के सामने स्टेशन रोड के पास घेराबंदी की। इसी दौरान ट्रॉली बैग लेकर पहुंचे दो संदिग्धों को पुलिस ने रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग से गांजा के तीन बंडल बरामद हुए, जिनका कुल वजन करीब 9 किलो बताया गया है। पुलिस ने गांजा जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुर्गावती थाना क्षेत्र के सरैया गांव निवासी लाल बहादुर और भगवानपुर थाना क्षेत्र के मंतोष तिवारी के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।