पटना: बिहार का राजधानी को स्वच्छ और साफ बनाने के साथ ही स्वच्छता रैंकिंग में सुधार के लिए पटना नगर निगम अभियान चला रहा है। इसी के तहत पटना नगर निगम ने थूकने और गंदगी फैलाने पर जुर्माने का ऐलान किया था। अब इस पर एक्शन भी होने लगा है। पटना नगर निगम की टीम ने चार दिन में ही 500 लोगों को सड़क पर थूकते और सार्वजनिक स्थान पर गंदगी फैलाते हुए पकड़ा है। इन लोगों से नगर निगम ने 500 रुपये प्रति व्यक्ति का जुर्माना वसूला है, जिसकी कुल राशि 2.5 लाख रुपये है। पटना में गंदगी फैलाने और सार्वजनिक जगहों पर थूकने वालों को ‘नगर शत्रु’ के रूप में चिह्नित किया जा रहा है। यह अभियान सभी अंचलों में चलाया जा रहा है।
यह अभियान खास कर मुख्य सड़कों, चौक-चौराहों, अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष रूप से चलाया जा रहा है। ‘नगर आयुक्त सह पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक यशपाल मीणा ने बताया कि ‘लोग अक्सर पान गुटखा तंबाकू खाकर इधर पर थूक देते हैं। कोई कहीं भी कूड़ा डाल देता है। इससे शहर तो गंदा रहता है, साथ ही बीमारियों का खतरा भी बना रहता है। सभी चीजों को ध्यान में रखकर यह अभियान शुरू किया गया। यह अभियान बिना किसी ढिलाई के चल भी रहा है। सार्वजनिक स्थलों पर थूकने वालों की तुरंत पहचान कर मौके पर ही कार्रवाई की जा रही है।’ यशपाल मीणा ने बताया कि अभी इस अभियान की शुरुआत है।
कई लोगों को इसकी जानकारी नहीं है। ऐसे में नियम तोड़ने वाले लोगों को अंतिम चेतावनी भी दी जा रही है। उन्हें बताया जा रहा है कि पान खाकर थूकने पर शहर में लगे वीएमडी स्क्रीन पर सार्वजनिक कर दिए जाएंगे। पटना नगर निगम क्षेत्र में अभियान की निगरानी के लिए शहर में 415 जगहों पर करीब 3300 कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों से ही निगरानी की जा कर रही है। नगर निगम का कहना है कि यह अभियान न केवल शहर में रेड स्पॉट और येलो स्पॉट बनने से रोकने में सहायक होगा, बल्कि स्वच्छ सर्वेक्षण में पटना की रैंकिंग सुधारने की दिशा में भी एक निर्णायक कदम साबित होगा।







