Home बिहार दोस्तों ने ही 17 वर्षीय युवक को मारी गोली, बिहार में सनसनी

दोस्तों ने ही 17 वर्षीय युवक को मारी गोली, बिहार में सनसनी

29
0
17-year-old youth shot by friends; incident sparks sensation in Bihar.

रोहतास: रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र से दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। बुधवार देर शाम प्रखंड कार्यालय के समीप चार-पांच युवकों के समूह में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान एक युवक ने अपने ही दोस्त को गोली मार दी। गोली युवक के सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल की पहचान करमचट थाना क्षेत्र के पुढारी गांव निवासी गोरख बिंद के 17 वर्षीय पुत्र ददन बिंद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बुधवार देर शाम चार-पांच युवक चेनारी प्रखंड कार्यालय के समीप मौजूद थे।

सभी आपस में दोस्त बताए जा रहे हैं। इस दौरान उनके बीच हंसी-मजाक और हल्की-फुल्की बहस चल रही थी। इसी बीच अचानक एक युवक ने ददन बिंद को गोली मार दी। गोली लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और सभी युवक मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को तत्काल चेनारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल, सासाराम रेफर कर दिया। फिलहाल ददन का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, उसके सीने से गोली निकाल ली गई है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

GNSU Admission Open 2026

परिजनों के अनुसार, ददन और गोली मारने वाले युवकों के बीच गहरी दोस्ती थी। सभी ने इंटर तक की पढ़ाई भी साथ में की है। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम ददन को उसके दोस्तों ने फोन कर प्रखंड कार्यालय के समीप बुलाया था। वहां पहुंचने के बाद उसे गोली मार दी गई। हालांकि, गोली चलाने के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी जानकारी परिजनों को भी नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही चेनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद घटना के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।