निशिन। एशियाई खेलों की क्रिकेट प्रतियोगिता में श्रीलंका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बंगलादेश को 63 रनों से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। श्रीलंका की जीत में थरिंडु रत्नायका के 65 रन और दो विकेट तथा कप्तान सहान अराछिगे के 33 रन और एक विकेट का अहम योगदान रहा।
श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 165 रन बनाए। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और महज 21 रन के स्कोर पर उसके चार विकेट गिर गए। मुश्किल स्थिति में कप्तान सहान अराछिगे ने अशेन बंडारा के साथ पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 33 रनों की साझेदारी हुई। इसके बाद थरिंडु रत्नायका ने मोर्चा संभाला और तेजी से रन जुटाए।
रत्नायका और अराछिगे ने छठे विकेट के लिए 93 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर श्रीलंका को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। रत्नायका ने 32 गेंदों में सात चौकों और पांच छक्कों की मदद से 65 रन बनाए, जबकि अराछिगे ने 37 गेंदों पर 33 रनों की पारी खेली। बंगलादेश की ओर से मेहदी हसन, सैफ हसन और मुस्तफिजुर रहमान ने दो-दो विकेट लिए।
166 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बंगलादेश की टीम श्रीलंकाई गेंदबाजों के सामने पूरी तरह दबाव में नजर आई। उसने केवल 18 रन के स्कोर पर अपने चार विकेट गंवा दिए। शुरुआती तीन बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके। नासुम अहमद ने 26 रन बनाकर टीम की ओर से सबसे बड़ी पारी खेली। उनके अलावा परवेज हुसैन इमॉन ने 22 और यासिर अली ने 21 रन बनाए।
बंगलादेश की पूरी टीम 17.3 ओवर में 102 रन पर सिमट गई। श्रीलंका की ओर से नुवान तुषारा, थरिंडु रत्नायका, विजयकांत वियसकांत और वनुजा सहन ने दो-दो विकेट लिए, जबकि सहान अराछिगे को एक सफलता मिली। इस जीत के साथ श्रीलंका ने प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल करते हुए कांस्य पदक पर कब्जा किया।







