भारत पांच मैचों की श्रृंखला में 3-1 से आगे
दिल्ली। न्यूजीलैंड ने भारत को चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 50 रन से हराकर मौजूदा पांच मैचों की सीरीज में अपनी पहली जीत दर्ज की। इस हार के बावजूद भारतीय टीम पहले ही शुरुआती तीन मुकाबले जीतकर सीरीज अपने नाम कर चुकी है और अब भारत 3-1 से आगे है। डॉ. वाईएस राजशेखरा रेड्डी एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 215 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
न्यूजीलैंड की टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज टिम सीफर्ट ने 36 गेंदों में 62 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें सात चौके और तीन छक्के शामिल थे। उनके साथ डेवोन कॉनवे ने 23 गेंदों में 44 रन बनाकर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी की। अंत में डैरिल मिचेल ने 18 गेंदों पर नाबाद 39 रन की तेज पारी खेलकर टीम को 200 के पार पहुंचाया। भारत की ओर से गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट झटके। 216 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और शीर्ष क्रम जल्दी पवेलियन लौट गया।
हालांकि शिवम दुबे ने 23 गेंदों में 65 रन की विस्फोटक पारी खेलकर एक समय मुकाबले में जान फूंक दी। उनके अलावा रिंकू सिंह ने भी उपयोगी योगदान दिया, लेकिन लगातार विकेट गिरने के कारण टीम 18.4 ओवर में 165 रन पर सिमट गई। न्यूजीलैंड के लिए मिचेल सैंटनर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि जैकब डफी और ईश सोढ़ी को भी दो-दो सफलताएं मिलीं। इस तरह न्यूजीलैंड ने 50 रन से जीत दर्ज कर सीरीज में खाता खोला।







