ब्यूनस आयर्स: अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी को राष्ट्रीय टीम के साथ उनके शानदार करियर के लिए खास अंदाज में विदाई दी जाएगी। अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (एएफए) ने घोषणा की है कि इस सप्ताह के आखिर में होने वाले सभी घरेलू मैचों के दौरान पहले हाफ के 10वें मिनट में खेल रोककर एक मिनट तक मेसी के सम्मान में तालियां बजाई जाएंगी।
एएफए के मुताबिक, यह सम्मान पुरुष और महिला फुटबॉल के सभी डिवीजनों और श्रेणियों में होने वाले अगले मैच-डे के मुकाबलों में दिया जाएगा। इस दौरान मैच के 10वें मिनट में खेल रोककर दर्शक और खिलाड़ी मेसी के सम्मान में तालियां बजाएंगे।
जिन स्टेडियमों में वीडियो बोर्ड की सुविधा उपलब्ध है, वहां मेसी की राष्ट्रीय टीम से विदाई से जुड़ा विशेष वीडियो भी प्रदर्शित किया जाएगा। एएफए ने बताया कि यह वही वीडियो मोंटाज है, जिसे मेसी के संन्यास की घोषणा के बाद उसके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया गया था।
मेसी ने वर्ष 2005 में अर्जेंटीना की सीनियर राष्ट्रीय टीम के लिए पदार्पण किया था। वह टीम के लिए 125 गोल के साथ सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने अर्जेंटीना के साथ छह विश्व कप में हिस्सा लिया और 2022 में टीम को विश्व चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई।
विश्व कप में भी मेसी के नाम कई रिकॉर्ड दर्ज हैं। वह टूर्नामेंट में सबसे अधिक 34 मैच खेलने और 23 मुकाबले जीतने वाले खिलाड़ियों में शीर्ष पर हैं।
मेसी ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर राष्ट्रीय टीम से संन्यास की घोषणा करते हुए भावुक संदेश साझा किया था। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपना सब कुछ दे दिया है और अब उनके पास देने के लिए कुछ बाकी नहीं है। उन्होंने इसे दुखद फैसला बताते हुए कहा कि उन्हें लगता है कि अब सही समय आ गया है।
मेसी की घोषणा के बाद अर्जेंटीना में उनके प्रशंसकों के बीच भावुक माहौल है और एएफए की यह पहल उनके अंतरराष्ट्रीय करियर को यादगार विदाई देने की दिशा में एक खास कदम मानी जा रही है।







