SBI ATM robbery attempt foiled in Rohtas district; robbers escape after encounter with police

रोहतास। रोहतास जिले में अपराधियों द्वारा एटीएम लूट की एक बड़ी वारदात पुलिस की मुस्तैदी से टल गई। मामला जिले के काराकाट नगर पंचायत इलाके का है, जहां हथियारबंद लुटेरों और पुलिस के बीच फिल्मी अंदाज में फायरिंग भी हुई। बताया जा रहा है कि शनिवार तड़के करीब 3 बजे काराकाट मुख्य बाजार स्थित गोडारी में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को निशाना बनाते हुए 2 से 3 हथियारबंद लुटेरे मौके पर पहुंचे। पूर्व सरपंच स्वर्गीय विजय प्रसाद के मकान के पास स्थित एटीएम को तोड़ने की कोशिश की जा रही थी।

इसी दौरान गुप्त सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद लुटेरे पुलिस से भिड़ गए और दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार करीब 2 से 3 राउंड गोली चली। पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बाद लुटेरे काले रंग की स्कॉर्पियो से बिक्रमगंज की ओर फरार हो गए। सुबह जब लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो एटीएम का शटर टूटा हुआ मिला, वहीं मौके से औजार और 315 बोर का एक खोखा भी बरामद किया गया। थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि गश्ती टीम समय रहते पहुंची, जिसके कारण लुटेरे अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है, वहीं फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना कर लिया है। बता दें कि काराकाट थाना क्षेत्र में यह सप्ताह की दूसरी बड़ी आपराधिक घटना है। इससे पहले मंगलवार को दिनदहाड़े एक व्यापारी से करीब 1 लाख 75 हजार रुपये की लूट हो चुकी है, जिसका अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। लगातार हो रही घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल इस मामले में बड़े अधिकारियों का आधिकारिक बयान आना अभी बाकी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।