Posing as fake income tax officers, miscreants stole jewellery worth lakhs, gold trader duped

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले के बेनीबाद थाना क्षेत्र के बेनीबाद बाजार हाट के पास एक स्वर्ण व्यवसायी के घर में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। बताया जा रहा है कि चार से पाँच की संख्या में आए बदमाश खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर घर में घुसे और अलमीरा की चाभी लेकर उसमें रखे लाखों रुपये के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, घटना के दौरान बदमाशों ने घर के सभी सदस्यों के मोबाइल और सामान जब्त कर लिए और करीब 15 मिनट तक तलाशी के नाम पर अलमारी और पेटी खंगालते रहे। परिवार के लोग इस दौरान डरे-सहमे रहे और बदमाश आराम से निकल गए। बाद में गृहस्वामी को एहसास हुआ कि आयकर अधिकारी बनकर आए लोग दरअसल बदमाश थे। पीड़ित स्वर्ण व्यवसायी गौरी साह ने बताया कि उनका बेनीबाद बाजार में ज्वेलरी शॉप है। सोमवार को कुछ लोग आए और खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताते हुए घर में घुस गए।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

उन्होंने परिवार के मोबाइल जब्त किए और फिर अलमारी व पेटी से गहने और नकदी निकालकर जांच के बहाने चलते बने। उधर, मामले की सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है। बेनीबाद थाना प्रभारी साकेत शार्दुल ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध लोगों को आते-जाते देखा गया है। आवेदन मिलने के बाद मामले की गहन जांच की जा रही है।