पटना/बाढ़: बाढ़ थाना क्षेत्र में असामाजिक तत्वों ने राणाबीघा पॉलिटेक्निक कॉलेज के एक छात्र और उसके दोस्त पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद दोनों को आनन-फानन में इलाज के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल छात्र कन्हैया कुमार ने बताया कि वह पॉलिटेक्निक कॉलेज में चल रही विशेष अतिरिक्त कक्षा यानी एक्स्ट्रा क्लास खत्म होने के बाद शाम करीब 7 बजे अपने एक दोस्त के साथ बाढ़ स्थित किराए के कमरे पर लौट रहा था। इसी दौरान जैसे ही दोनों अगवानपुर गांव के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे कुछ स्थानीय दबंग युवकों ने उन्हें जबरन रोक लिया।

आरोप है कि बिना कुछ कहे युवकों ने दोनों छात्रों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित छात्र का आरोप है कि मारपीट के दौरान बदमाश उनकी कीमती बुलेट मोटरसाइकिल लूटने की कोशिश कर रहे थे। जब दोनों छात्रों ने विरोध किया तो हमलावरों ने कन्हैया कुमार के गले से सोने की चेन भी झपट ली। सुनसान सड़क पर चीख-पुकार और हल्ला सुनकर आसपास के कुछ राहगीर और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचने लगे। लोगों को आता देख सभी हमलावर युवक जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की तत्परता के कारण ही दोनों छात्रों की जान बच सकी।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

इस हिंसक घटना के पीछे कॉलेज का हालिया विवाद भी वजह माना जा रहा है। दरअसल कुछ दिन पहले कॉलेज प्रशासन ने अनिवार्य 75 प्रतिशत उपस्थिति पूरी नहीं होने के कारण कई छात्रों को परीक्षा फॉर्म भरने से रोक दिया था। इसके बाद कॉलेज परिसर में काफी आक्रोश देखने को मिला था। बाद में कॉलेज प्रशासन ने बीच का रास्ता निकालते हुए वंचित छात्रों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं शुरू की थीं ताकि वे परीक्षा में शामिल हो सकें। कन्हैया कुमार भी इसी एक्स्ट्रा क्लास से लौट रहा था, तभी उस पर हमला हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।