नयी दिल्ली: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत के न्यूयॉर्क में होने वाले कार्यक्रम को अपनी पुरानी परंपरा का हिस्सा बताया है। संघ ने आरएसएस के विजन और विचारधारा को समझने की इच्छा रखने वाले लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।
आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि न्यूयॉर्क में आयोजित होने वाला ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ अलग-अलग धर्मों और संस्कृतियों के लोगों के मिलन का अवसर है। कार्यक्रम में डॉ. मोहन भागवत विभिन्न समुदायों और धर्मों के लोगों से संवाद करेंगे।
उन्होंने कहा कि खुले संवाद और आपसी सम्मान की भावना से आयोजित यह कार्यक्रम भारतीय मूल्यों को दर्शाता है, जिनमें सभी को साथ लेकर चलने और सभी का स्वागत करने की भावना निहित है।
सुनील आंबेकर ने कहा कि अलग-अलग समुदायों के साथ संवाद स्थापित कर आपसी समझ और साझा उद्देश्यों को बढ़ावा देना आरएसएस की पुरानी परंपरा रही है। उन्होंने आरएसएस के विजन और विचारधारा के बारे में जानने के इच्छुक लोगों से ऐसे खुले संवाद के मंचों में शामिल होने का आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि डॉ. मोहन भागवत का 29 अगस्त को न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ कार्यक्रम में शामिल होने का कार्यक्रम है।
इस कार्यक्रम को लेकर न्यूयॉर्क के मेयर ज़ोहरान ममदानी ने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा था कि वह इस कार्यक्रम का समर्थन नहीं करते, हालांकि इसे रद्द करने का अधिकार उनके पास नहीं है।







