जालौन: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में कोंच पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है। सिमिरिया गांव में बुजुर्ग दंपति को बंधक बनाकर की गई डकैती की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी के अनुसार, 4/5 सितंबर की रात सिमिरिया गांव निवासी रघुवीर अहिरवार के घर में हथियारबंद बदमाश घुस आए थे। बदमाशों ने तमंचे के बल पर बुजुर्ग दंपति को बंधक बना लिया और संदूक में रखे चांदी के सिक्के, चांदी के आभूषण तथा नकदी लूटकर फरार हो गए थे।
घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर 5 सितंबर को कोतवाली कोंच में मुकदमा दर्ज किया गया था। वारदात के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
सोमवार को संदिग्धों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान आरोपियों ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में रवि अहिरवार के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घेराबंदी कर उसके दो अन्य साथियों जमील अहमद और प्रमोद उर्फ चीकू को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध असलहा, खोखा और जिंदा कारतूस, पीली व सफेद धातु के आभूषण, 35 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने सिमिरिया गांव में बुजुर्ग दंपति के घर डकैती करने की बात स्वीकार की है। फिलहाल मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।








