नयी दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने महाराष्ट्र में चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि हजारों छात्र शांतिपूर्ण तरीके से सड़कों पर उतरकर अपनी आवाज उठा रहे हैं और यह आंदोलन केवल किसी एक परीक्षा या भर्ती से जुड़ा नहीं है, बल्कि छात्रों का पूरी व्यवस्था से भरोसा टूटने का परिणाम है।
राहुल गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि केंद्र हो या राज्य, भाजपा सरकारों से छात्र परेशान हैं। उन्होंने पेपर लीक, लंबित भर्तियों, शिक्षा की बढ़ती लागत, छात्रावासों की खराब व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) में कथित धोखाधड़ी जैसी समस्याओं का जिक्र किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) जैसी संवैधानिक संस्था की विश्वसनीयता को भी नुकसान पहुंचाया गया है। राहुल गांधी ने कहा कि बेहतर और सफल भविष्य की मांग कर रहे छात्रों की हर मांग जायज है और सरकार को उनकी आवाज सुनकर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन की आवाज और तेज होगी। उन्होंने कहा कि न्याय मिलने तक ‘छात्रों की गूंज’ बढ़ती रहेगी।







