Home राजनिति राहुल गांधी की पीएम मोदी से अपील, बाढ़ प्रभावित राज्यों के लिए...

राहुल गांधी की पीएम मोदी से अपील, बाढ़ प्रभावित राज्यों के लिए विशेष राहत पैकेज दें सरकार

353
0
Rahul Gandhi appeals to PM Modi, government should give special relief package for flood affected states

नई दिल्ली: देश में भारी बारिश ने इन दिनों तबाही मचाई हुई है। कई राज्य बाढ़ की चपेट में हैं। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार से बाढ़ प्रभावित राज्यों के लिए विशेष राहत पैकेज घोषित करने की अपील की है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बाढ़ प्रभावित राज्यों पंजाब, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के लिए तत्काल विशेष राहत पैकेज की घोषणा करने और राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने का आग्रह किया। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में कहा, ‘मोदी जी, बाढ़ ने पंजाब में भारी तबाही मचाई है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की स्थिति भी बेहद चिंताजनक है।

ऐसे मुश्किल समय में आपके इस तरफ ध्यान देने और केंद्र सरकार की सक्रिय मदद की बेहद जरूरत है। हजारों परिवार अपने घर, जिंदगी और अपनों को बचाने के लिए जूझ रहे हैं।’ पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने लिखा, ‘मैं आग्रह करता हूं कि इन राज्यों, खासकर किसानों के लिए तत्काल एक विशेष राहत पैकेज की घोषणा की जाए और राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाई जाए।’ राहुल गांधी ने एक वीडियो संदेश भी जारी किया, जिसमें उन्होंने कहा ‘लोगों को अपने परिवारों को बचाने के लिए संघर्ष करते देखना दुखद है। मोदी जी, लोगों की सुरक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है। इन लोगों की सुरक्षा के लिए तुरंत एक विशेष राहत पैकेज तैयार करें।’ पिछले कुछ हफ्तों से देश के कई हिस्सों में लगातार बादल फटने और बाढ़ की खबरें आ रही हैं।

GNSU Admission Open 2026

उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी भारी बारिश ने बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। उफनती नदियों ने कई इलाकों को जलमग्न कर दिया है, रेल और सड़क यातायात को ठप कर दिया है और स्कूलों को बंद करना पड़ा है। साल 1988 के बाद पंजाब सबसे भीषण बाढ़ से जूझ रहा है। सतलुज, व्यास और रावी नदियां और मौसमी छोटी नदियां भारी बारिश के कारण उफान पर हैं। पंजाब के 12 जिले बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं, जिनमें अब तक 29 लोगों की जान जा चुकी है और 2.56 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं।

उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर में बादल फटने की घटनाएं हुई हैं और लगातार बारिश भी जारी है। इससे उपजे हालात में सैंकड़ों लोग मारे गए हैं। पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को भारी बारिश के कारण भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ के कारण दो महिलाओं की मौत हो गई। राज्य में 1,000 से ज़्यादा सड़कें बंद हो गईं हैं। राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।





GNSU Admission Open 2026