नई दिल्ली : बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं।कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, ‘ये हमारी पार्टी का स्टैंड है कि जो भी वोट चोरी हो रही है, वोट में बदलाव कर रहे हैं और वोटों की हेराफेरी हो रही है इसके खिलाफ हम पूरे देश में माहौल बनाना चाहते हैं कि लोगों के साथ अन्याय हो रहा है। अगर ऐसे चोरी करके गद्दी पर बैठेंगे तो लोकतंत्र के लिए हितकारी नहीं है। ये संविधान की हत्या है।’ शिवसेना सांसद मिलिंद देवड़ा ने कहा, ‘अपनी नाकामियों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए, वे (विपक्ष) पहले EVM को दोष दे रहे थे और आज मतदाता सूची को दोष दे रहे हैं।
उनके किसी प्रतिनिधि ने बॉम्बे हाईकोर्ट जाकर महाराष्ट्र चुनाव रद्द करने की जनहित याचिका दायर की, बॉम्बे हाईकोर्ट ने उसे खारिज कर दिया और सुप्रीम कोर्ट में अपील के बाद, सुप्रीम कोर्ट ने भी उसे खारिज कर दिया। इसका साफ मतलब है कि विपक्ष की जिस मांग से वे लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, उसमें कोई दम नहीं है।’ लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान विपक्ष की तरफ से लगातार हंगामा किए जाने के कारण लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित की।कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने कहा, ‘वोट चोरी पर जनआंदोलन चल रहा है। राहुल गांधी की यात्रा चल रही है। वे लगातार इस मुद्दे को लेकर सड़कों पर हैं। अब जनता में ये मुद्दा घुस चुका है और इसका असर बहुत बड़ा होने वाला है। अभी वक्त है चुनाव आयोग समझ जाए और इनको सुधार ले।’







