राजस्थान: राजस्थान सरकार ने कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। शुक्रवार देर रात कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार राज्य में कुल 64 आईपीएस अधिकारियों का तबादला और नई तैनाती की गई है। इस व्यापक बदलाव के तहत 24 से अधिक जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) को बदल दिया गया है, जिससे पुलिस प्रशासन में नई जिम्मेदारियां और नई रणनीति के साथ काम करने की उम्मीद जताई जा रही है।
जिन जिलों में नए पुलिस अधीक्षक नियुक्त किए गए हैं, उनमें जयपुर ग्रामीण, जोधपुर ग्रामीण, उदयपुर, राजसमंद, पाली, डीग, बांसवाड़ा, झुंझुनू, कोटपूतली-बहरोड़, बाड़मेर, चूरू, सलूंबर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, नागौर, बीकानेर, बूंदी, करौली, सिरोही, फलोदी, भिवाड़ी और खैरथल-तिजारा सहित कई जिले शामिल हैं। इन जिलों में नए एसपी की नियुक्ति के साथ ही पुलिस प्रशासन में नई कार्यशैली और सख्ती देखने को मिल सकती है।
सरकार द्वारा जारी आदेश में कई वरिष्ठ अधिकारियों के पदों में भी बदलाव किया गया है। उपमहानिरीक्षक (एसीबी) के पद पर कार्यरत अनिल कुमार को अब उपमहानिरीक्षक (मुख्यालय) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं अजय सिंह को जयपुर में उपमहानिरीक्षक (सुरक्षा) के पद से हटाकर जयपुर पुलिस आयुक्तालय में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के रूप में नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा संजीव नैन को जयपुर ग्रामीण का नया जिला पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वे इससे पहले पुलिस उपायुक्त के पद पर कार्यरत थे। इसी तरह आईपीएस अधिकारी पीडी नित्या को जोधपुर ग्रामीण का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वह इससे पहले जोधपुर में पुलिस उपायुक्त के रूप में सेवाएं दे रही थीं।
राज्य सरकार का मानना है कि इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल से पुलिस व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी तथा अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और जनता की सुरक्षा के मामलों में तेजी से सुधार देखने को मिलेगा।







