नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद शनिवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की। इस दौरान कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल, अजय माकन और बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु भी मौजूद थे। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस नेताओं ने बिहार में पार्टी के प्रदर्शन पर चर्चा की। बिहार में कांग्रेस ने 61 सीटों पर चुनाव लड़ा था और उसे केवल छह सीट पर ही जीत मिली है।
बिहार में 6 और 11 नवंबर दो चरणों में मतदान के बाद 14 नवंबर को नतीजे जारी हुए। मुख्य मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच रहा। राज्य के विधानसभा चुनाव में एनडीए बहुमत का आंकड़ा (122 सीट) पार करते हुए रिकॉर्ड 202 सीटों पर कब्जा जमाया। वहीं महागठबंधन का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा, जिसे सिर्फ 35 सीटों पर ही जीत मिल सकी। जबकि पांच सीटें एआईएमआईएम और एक सीट बीएसपी के खाते आई है।







