Home राजनिति बिहार में पतंग उड़ाने के विवाद पर चली गोली, झड़प के बाद...

बिहार में पतंग उड़ाने के विवाद पर चली गोली, झड़प के बाद इलाके में सनसनी

198
0
Bullets fired in Bihar over kite flying dispute, creating sensation in the area after clash

हाजीपुर: वैशाली जिले के हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के हथसारगंज ओपी अंतर्गत बाबू टोला में बच्चों के बीच पतंग उड़ाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद बुधवार को हिंसक रूप ले बैठा। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे मारपीट और फिर गोलीबारी तक पहुंच गई। इस दौरान दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति ने नगर परिषद के सफाई कर्मी दिलीप राम को गोली मार दी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

घायल दिलीप राम महुआ थाना क्षेत्र के गोविंदपुर सिंघाड़ा निवासी शंकर राम के पुत्र हैं और बाबू टोला में किराए के मकान में रहकर नगर परिषद के वार्ड संख्या एक में सफाई कर्मी के रूप में कार्यरत हैं। गोली उनकी दाहिनी जांघ में लगी, जिसके बाद वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें सदर अस्पताल हाजीपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

GNSU Admission Open 2026

गोली चलने की सूचना मिलते ही हथसारगंज ओपी और हाजीपुर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अचानक हुई इस वारदात से आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मौके से एक पिस्तौल, दो खोखा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर-1 डीएसपी सुबोध कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे प्रकरण की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि दोनों किराएदार परिवारों के बीच दिन से ही पतंग उड़ाने को लेकर विवाद चल रहा था, जिसने बाद में हिंसक रूप ले लिया। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रशासन ने इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

GNSU Admission Open 2026