
पटना: राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में सीट बंटवारे को लेकर मीडिया में चल रही खबरों पर आपत्ति जताई है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि गठबंधन में सीट बंटवारे पर बातचीत अभी तक पूरी नहीं हुई है। उपेंद्र कुशवाहा ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- “इधर-उधर की खबरों पर मत जाइए। वार्ता अभी पूरी नहीं हुई है, इसलिए इंतजार कीजिए। मीडिया में ये खबरें कैसे चल रही हैं, मुझे इसकी जानकारी नहीं है।
अगर कोई जानबूझकर ऐसी खबरें प्लांट कर रहा है, तो यह छल और धोखा है। आप सभी ऐसे ही सजग रहिए।” उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब भाजपा सूत्रों के हवाले से खबरें चल रही हैं कि एनडीए में सीट बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया गया है और उनकी पार्टी को 7 सीटें मिल सकती हैं। एनडीए के सहयोगी दल भाजपा और जदयू के बीच लगातार बैठकों का दौर जारी है। बताया जा रहा है कि दोनों दलों ने उम्मीदवारों को लेकर चर्चा की है।
इससे पहले लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान की भी नाराजगी की खबरें चर्चा में थीं। हालांकि कहा जा रहा है कि उनकी नाराजगी दूर कर दी गई है। लेकिन इसके बाद उपेंद्र कुशवाहा ने एनडीए में खलबली मचा दी है। यह भी ध्यान दें कि चुनाव आयोग ने सूर्योपासना के महापर्व छठ पूजा के बाद चुनाव की तारीखें तय की हैं। पहले चरण में बिहार में छह नवंबर को 18 जिलों के 121 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे जबकि दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर 11 नवंबर को मतदान होगा। मतों की गिनती 14 नवंबर को होगी। पहले चरण को लेकर प्रत्याशी अब नामांकन का पर्चा भी भरने लगे हैं।






