Outrage over female student's murder; youth hold candlelight march.

समस्तीपुर: समस्तीपुर के पूसा प्रखंड अंतर्गत वैनी थाना क्षेत्र के कैजिया गांव में स्कूल जा रही इंटर की छात्रा सुमन कुमारी की सोमवार को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना को लेकर लोगों का आक्रोश लगातार गहराता जा रहा है। मंगलवार की शाम आइसा (ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन) और आरवाईए (रिवोल्यूशनरी यूथ एसोसिएशन) के संयुक्त बैनर तले वैनी-पूसा रोड बाजार से स्टेशन होते हुए खुदीराम बोस प्रतिमा तक कैंडल मार्च निकाला गया। हाथों में मोमबत्तियां लिए छात्र-युवाओं और स्थानीय लोगों ने “सुमन को न्याय दो”, “बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करो” और “अपराधियों को गिरफ्तार करो” जैसे नारों के साथ छात्रा को श्रद्धांजलि अर्पित की। कैजिया गांव की इंटर की छात्रा सुमन कुमारी की हत्या के विरोध में मंगलवार की देर शाम पूसा में छात्र-युवाओं का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। वैनी-पूसा रोड बाजार से स्टेशन होते हुए खुदीराम बोस की प्रतिमा तक आइसा और आरवाईए के संयुक्त नेतृत्व में कैंडल मार्च निकाला गया। हाथों में मोमबत्तियां लिए छात्र-युवाओं ने “सुमन को इंसाफ दो”, “बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करो” और “अपराधियों को गिरफ्तार करो” जैसे नारे लगाए। मार्च के समापन पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर छात्रा की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए आरवाईए के जिला सचिव रौशन कुमार ने कहा कि बिहार में छात्राओं और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों में कानून का भय समाप्त होता जा रहा है और आम लोगों का सुरक्षा व्यवस्था से भरोसा डगमगा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस जल्द आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती, तो आइसा और आरवाईए पूरे जिले में लोकतांत्रिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे। भाकपा (माले) के पूसा प्रखंड सचिव अमित कुमार ने कहा कि सुमन कुमारी की हत्या केवल एक छात्रा की हत्या नहीं, बल्कि समाज की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल है। उन्होंने सरकार से मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और दोषियों को शीघ्र कठोर सजा दिलाने की मांग की। उनका कहना था कि ऐसे मामलों में त्वरित न्याय ही समाज में कानून के प्रति विश्वास कायम रख सकता है। आरवाईए के प्रखंड सचिव डॉ. मुकेश कुमार ने सरकार से पीड़ित परिवार को 50 लाख की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

उन्होंने कहा कि स्कूल और कॉलेज जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा के लिए संवेदनशील मार्गों पर नियमित पुलिस गश्ती सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। कैंडल मार्च और श्रद्धांजलि सभा में भाकपा (माले) के जितेंद्र राय, मो. आले, मो. आसेद, गणेश यादव, राजीव कुमार, मनदीप कुमार, अभिषेक कुमार, रंजन कुमार, राकेश कुमार, राजकुमार, नयन कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम के दौरान न्याय और बेटियों की सुरक्षा से जुड़े नारे गूंजते रहे। छात्र संगठनों ने स्पष्ट किया कि सुमन हत्याकांड अब केवल एक आपराधिक घटना का मामला नहीं रह गया है, बल्कि यह बेटियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का बड़ा सवाल बन चुका है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा नहीं करती और सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं करती, तो आंदोलन को जिला मुख्यालय तक ले जाकर व्यापक जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा।