वाराणसी में योगी आदित्यनाथ की जनसभा, विधान परिषद चुनाव की तैयारियों पर होगा मंथन
Yogi Adityanath's public meeting in Varanasi; preparations for the Legislative Council elections to be deliberated upon.

वाराणसी: आगामी स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी के संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में वह पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों, बूथ प्रबंधन तथा मतदाताओं से संपर्क अभियान को लेकर मार्गदर्शन देंगे।

भाजपा महानगर कार्यालय गुलाबबाग में आयोजित बैठक में महानगर के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में महानगर प्रभारी एवं विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक ने चुनावी रणनीति और बूथ प्रबंधन को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक पन्ना प्रमुख को सक्रिय करने और मतदान केंद्रों पर संगठन की तैयारियों को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

GNSU Admission Open 2026

अरुण पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री की जनसभा में कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति और जनसंपर्क अभियान के संबंध में दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने मतदाताओं को मतदान की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देने पर भी जोर दिया। बैठक में बताया गया कि मतपत्र पर प्रत्याशी के नाम के सामने रोमन अंक ‘1’ यानी खड़ी पाई बनाकर मत दर्ज करने की विधि मतदाताओं को समझाई जाएगी। साथ ही, उन्हें यह जानकारी देने की बात कही गई कि मतदान कक्ष में अपना पेन लेकर प्रवेश नहीं करना है, क्योंकि निर्वाचन आयोग की ओर से वहां पेन उपलब्ध कराया जाएगा।

भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने पिछले चुनावों के अनुभवों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछली बार हुई छोटी-छोटी चूकों से सबक लिया गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस बार अधिक सतर्कता के साथ काम करने और मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने को कहा। उनके मुताबिक, पार्टी की रणनीति के तहत प्रत्येक मतदाता के घर कम से कम तीन बार पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

बैठक में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रवींद्र जायसवाल और दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, पूर्व महापौर रामगोपाल मोहले, पूर्व उपमहापौर संजय राय, विधायक सौरभ श्रीवास्तव और नीलकंठ तिवारी सहित कई नेता मौजूद रहे। इसके अलावा महानगर के सभी 13 मंडलों के पदाधिकारियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।

भाजपा की यह बैठक स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव से पहले संगठनात्मक तैयारियों, मतदाता जागरूकता और बूथ स्तर पर संपर्क बढ़ाने की रणनीति पर केंद्रित रही।