यूपीपीएससी स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी परीक्षा शुरू
UPPSC Health Education Officer Exam Begins

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की ओर से आयोजित स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी परीक्षा शुरू हो गई। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश के लिए कड़ी जांच व्यवस्था की गई। केंद्रों के गेट सुबह आठ बजे खोल दिए गए थे, जबकि परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले प्रवेश बंद कर दिया गया। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया।

परीक्षा एक ही पाली में सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित की गई। अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश देने से पहले तीन स्तरों पर जांच की गई। बायोमेट्रिक और आइरिस जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी गई। प्रशासन की ओर से परीक्षा की निगरानी और सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए थे।

GNSU Admission Open 2026

प्रयागराज में परीक्षा के लिए अग्रसेन इंटर कॉलेज, सीएवी इंटर कॉलेज और राजकीय इंटर कॉलेज समेत 43 केंद्र बनाए गए। इन केंद्रों पर कुल 17,487 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा को देखते हुए प्रशासन ने केंद्रों के आसपास भी आवश्यक व्यवस्थाएं कीं, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न कराई जा सके।

यूपीपीएससी के सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी के अनुसार, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी परीक्षा प्रदेश के 10 जिलों में आयोजित की जा रही है। इनमें अलीगढ़, बरेली, अयोध्या, गोरखपुर, झांसी, कानपुर नगर, लखनऊ, मेरठ, प्रयागराज और वाराणसी शामिल हैं। इन सभी जिलों में कुल 286 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 1,24,800 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।

यह परीक्षा कुल 143 स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की जा रही है। इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया जनवरी में पूरी हुई थी। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए आयोग और जिला प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

प्रयागराज के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने अधिकारियों को परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता प्रभावित करने या अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नकल और परीक्षा में गड़बड़ी रोकने के लिए भी सख्त रुख अपनाया है।