जालंधर। पंजाब में जालंधर काउंटर इंटेलिजेंस पुलिस ने एसएएस नगर काउंटर इंटेलिजेंस के साथ एक संयुक्त कार्रवाई में इस वर्ष एक जनवरी को नालागढ़ पुलिस स्टेशन में हुए आईईडी (आरडीएक्स) विस्फाेट में शामिल दो मुख्य अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एस बी एस नगर के रहने वाले महावीर उर्फ काका और मनप्रीत उर्फ मणि के तौर पर हुई है। ऑपरेशन के दौरान, उनके पास से एक ग्लॉक पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए।
उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) से जुड़े विदेश में मौजूद मास्टरमाइंड गोपी नवाशहरिया और जस्सी कुलम के कहने पर काम कर रहे थे। श्री यादव ने कहा कि आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने विदेशी हैंडलर्स के कहने पर आईईडी (आरडीएक्स) और हैंड ग्रेनेड वाली खेप खरीदी थी। इन खेपों में से, हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ पुलिस स्टेशन में ब्लास्ट करने के लिए एक आईईडी (आरडीएक्स) का इस्तेमाल किया गया था। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस ने उनके छह साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जो आतंकवादी हार्डवेयर उठाते और आगे गिराते थे और इन दोनों की गिरफ्तारी के साथ, पूरे मॉड्यूल का भंडाफोड़ हो गया है।







