
जम्मू-कश्मीर: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच पिछले 24 घंटे से अधिक समय से तनावपूर्ण मुठभेड़ जारी है। रामनगर क्षेत्र के जाफर वन में स्थित एक प्राकृतिक गुफा में छिपे जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के दो खूंखार आतंकियों को सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के संयुक्त बलों ने चारों ओर से घेर लिया है। सुरक्षा एजेंसियां अब ‘फाइनल असॉल्ट’ की रणनीति पर काम कर रही हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब चार बजे सुरक्षा बलों को गुफा में आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली, जिसके बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज किया गया। जैसे ही सुरक्षाबल गुफा के नजदीक पहुंचे, आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी घायल हुआ, लेकिन वह अपने साथी के साथ गुफा के अंदर घुस गया। मुठभेड़ करीब एक घंटे तक चली, जिसके बाद इलाके की घेराबंदी और कड़ी कर दी गई।
शाम करीब साढ़े सात बजे आतंकियों ने अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश की, जिससे दोबारा जोरदार गोलीबारी और धमाके हुए। इसके बाद सुरक्षा बलों ने अतिरिक्त टुकड़ियां मौके पर भेजीं। सेना के विशेष पैराट्रूपर्स, श्वान दस्ता (K9 यूनिट) और तकनीकी विशेषज्ञों को ऑपरेशन में शामिल किया गया। रात के दौरान किसी तरह की गोलीबारी नहीं हुई, लेकिन ड्रोन और नाइट विजन उपकरणों के जरिए गुफा और उसके आसपास के इलाके पर कड़ी निगरानी रखी गई।
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा बलों ने आतंकियों को आत्मसमर्पण करने का अवसर दिया था, लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया। इसके बाद अब आतंकियों के खात्मे के लिए अंतिम प्रहार की तैयारी की जा रही है। रणनीति के तहत गुफा में सीधे प्रवेश करने या नियंत्रित विस्फोट के जरिए आतंकियों को निष्क्रिय करने के विकल्पों पर विचार किया जा रहा है।
फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त है और आसपास के क्षेत्रों को सील कर दिया गया है। हालांकि स्थिति शांत बनी हुई है, लेकिन किसी भी समय बड़े ऑपरेशन की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। सुरक्षा बल पूरी सतर्कता के साथ आतंकियों के सफाए के लिए तैयार हैं।






