पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बाजार से सब्जी खरीदकर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जहानाबाद थाना पुलिस के अनुसार, ग्राम पंचायत भौना के मजरा हुसैन नगर निवासी पीतम राम (40) अपने चचेरे भाई चंद्रपाल (35) के साथ शनिवार शाम ‘बरात बोझ’ बाजार गए थे। रात करीब आठ बजे दोनों बाइक से सब्जी लेकर वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीतम राम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चंद्रपाल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
सूचना मिलने पर जहानाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चंद्रपाल को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पीलीभीत भेजा, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जहानाबाद थानाध्यक्ष जयशंकर सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।







