काकीनाडा (आंध्र प्रदेश): आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब बस खराब होने के बाद सड़क पार कर रहे श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, विजयनगरम जिले के देनकाडा गांव के करीब 25 लोगों ने कनक दुर्गा दीक्षा ली थी। सभी श्रद्धालु एक निजी बस से विजयवाड़ा स्थित प्रसिद्ध कनक दुर्गा मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। यात्रा के दौरान काकीनाडा जिले के शंकावरम मंडल अंतर्गत कट्टीपुडी गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनकी बस अचानक खराब हो गई। इसके बाद बस को सड़क किनारे रोकना पड़ा।
बस रुकने पर पांच श्रद्धालु चाय पीने के लिए नीचे उतरे। इसी दौरान जब वे सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांचवां व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की हुई पहचान
पुलिस ने मृतकों की पहचान तालिंगाला सीताराम (36), सिरिगिडी येरैया (35), ताड़ीपुडी वरप्रसाद (36) और बोनुला रमण (52) के रूप में की है। हादसे में घायल श्रद्धालु को तत्काल काकीनाडा के सरकारी सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक को गिरफ्तार कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों और वाहन की गति से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भवानी दीक्षा में शामिल चार श्रद्धालुओं की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायल श्रद्धालु को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इस हादसे से मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।







