Home उत्तर प्रदेश उत्तर प्रदेश के मेरठ में जहरीली शराब पीने से तीन की मौत,...

उत्तर प्रदेश के मेरठ में जहरीली शराब पीने से तीन की मौत, ठेका सील

203
0
Three people died after consuming spurious liquor in Meerut, Uttar Pradesh; liquor shop sealed

मेरठ। उत्तर प्रदेश में मेरठ के दौराला क्षेत्र में संदिग्ध देसी शराब के सेवन से तीन लोगों की मौत हो गई। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित शराब ठेके को सील कर दिया है और नमूनों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस और प्रशासन का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मृतकों की पहचान दौराला क्षेत्र निवासी बाबूराम प्रजापति, जितेंद्र कुमार (45) और अंकित कुमार (40) के रूप में हुई है। बाबूराम अपने घर पर सरसों पिराई का स्पेलर चलाते थे और जितेंद्र कुमार उनके साथ काम करता था जहां यह घटना हुई। देर रात में ही तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिये गये थे जिन्हें आज उनके परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे अंकित कुमार सरसों का तेल लेने के लिए बाबूराम प्रजापति के स्पेलर पर पहुंचे थे और अपने साथ लाए शराब के पाउच से तीनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसके कुछ ही मिनट बाद तीनों की हालत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां देर रात डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला शराब सेवन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। तीनों मृतकों के विसरा नमूने लेकर उन्हें सील कर फोरेंसिक लैब भेजा गया है। साथ ही संबंधित शराब ठेके को भी सील कर दिया गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है।

GNSU Admission Open 2026

घटना के बाद परिजनों ने शराब में मिलावट का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया। स्थिति को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट डॉ. वीके सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक भानु भास्कर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय मौके पर पहुंचे और परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में शराब की गुणवत्ता की निगरानी में लापरवाही बरती जा रही है और अवैध शराब का कारोबार जारी है। इससे पहले भी आसपास के इलाकों में एक्सपायर या संदिग्ध शराब मिलने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।