बडगाम में सुरक्षा बलों से मुठभेड़ में संदिग्ध पाकिस्तानी आतंकवादी ढेर
Suspected Pakistani terrorist killed in encounter with security forces in Budgam.

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) से जुड़े एक संदिग्ध आतंकवादी को मार गिराया। मुठभेड़ यूसमर्ग के ऊपरी इलाकों में कोराग क्षेत्र में हुई। सुरक्षा बलों का संयुक्त तलाशी अभियान अभी जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि विशेष खुफिया जानकारी मिलने के बाद भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने यूसमर्ग के कोराग इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया था। इसी दौरान सुरक्षा बलों का सामना संदिग्ध आतंकवादियों से हुआ और मुठभेड़ शुरू हो गई।

GNSU Admission Open 2026

सेना की श्रीनगर स्थित चिनार कोर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि तलाशी अभियान के दौरान सतर्क सैनिकों ने संदिग्ध गतिविधि देखी। जब जवानों ने संदिग्धों को चुनौती दी, तो आतंकवादियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आतंकवादी मारा गया।

सेना के अनुसार, इलाके में अभियान जारी है और सुरक्षा बल आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चला रहे हैं। हालांकि, सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से मारे गए आतंकवादी की पहचान और उसके संगठन से जुड़ी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सुरक्षा सूत्रों को संदेह है कि मारा गया आतंकवादी पाकिस्तान का नागरिक और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हुआ था।

बडगाम के जंगलों और पहाड़ी इलाकों में यह हाल के दिनों में दूसरी मुठभेड़ है। इससे पहले जिले के ऊंचाई वाले अशदर गली इलाके में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा पाकिस्तानी नागरिक यासिर मारा गया था। बताया जाता है कि वह कई वर्षों से जम्मू-कश्मीर में सक्रिय था।

उस मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों को संदेह था कि एक अन्य आतंकवादी मौके से फरार होने में सफल रहा था। इसके बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां बडगाम के पहाड़ी और घने जंगलों वाले इलाकों में उसकी तलाश कर रही थीं। ताजा मुठभेड़ को इसी तलाशी अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है।