Home राष्ट्रीय कांकेर-नारायणपुर सीमा पर सुरक्षाबलों ने प्रेशर कुकर आईईडी बरामद किया

कांकेर-नारायणपुर सीमा पर सुरक्षाबलों ने प्रेशर कुकर आईईडी बरामद किया

165
0
Security forces recovered pressure cooker IED at Kanker-Narayanpur border.

कांकेर। छत्तीसगढ़ में जिला पुलिस कांकेर द्वारा नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत डीआरजी एवं बीएसएफ की संयुक्त टीम ने थाना कोयलीबेड़ा क्षेत्र के अंतर्गत कांकेर-नारायणपुर सीमावर्ती इलाके में ग्राम कुरकुंज के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र से एक प्रेशर कुकर आईईडी बरामद किया है। पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज जगदलपुर सुन्दरराज पी., पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल कुमार राखेचा, प्रभारी उप महानिरीक्षक बीएसएफ सेक्टर भानुप्रतापपुर टी.मोहन एवं सेनानी 40वीं वाहिनी बीएसएफ कोयलीबेड़ा रणधीर सिंह गिल के निर्देशन में जिले में नक्सलियों के विरुद्ध लगातार नक्सल विरोधी अभियान संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में 21 फरवरी को डीआरजी एवं बीएसएफ की संयुक्त टीम थाना कोयलीबेड़ा क्षेत्र के अंतर्गत कांकेर-नारायणपुर सीमावर्ती क्षेत्र में तलाश अभियान पर थी। अभियान के दौरान ग्राम कुरकुंज के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में टीम को एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। जांच करने पर वहां नक्सलियों द्वारा लगाया गया एक प्रेशर कुकर आईईडी बरामद किया गया, जिसका वजन लगभग पांच से सात किलोग्राम बताया गया है। आईईडी बरामदगी के तुरंत बाद बीएसएफ की बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) को मौके पर बुलाया गया। बीडीएस टीम ने सुरक्षित तकनीकी प्रक्रिया अपनाते हुए मौके पर ही प्रेशर कुकर आईईडी को निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया।

GNSU Admission Open 2026

समय रहते इस विस्फोटक को नष्ट किए जाने से सुरक्षाबलों एवं आम नागरिकों को एक बड़े संभावित नुकसान से बचा लिया गया। बरामदगी के बाद थाना कोयलीबेड़ा में वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नक्सली सुरक्षाबलों को क्षति पहुंचाने के उद्देश्य से इस प्रकार के विस्फोटक क्षेत्र में प्लांट करते हैं। लगातार चलाए जा रहे अभियानों के कारण नक्सलियों की साजिशें लगातार नाकाम हो रही हैं। जिला पुलिस द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक दिखने पर तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचना दें तथा स्वयं उसे छूने या हटाने का प्रयास न करें।

GNSU Admission Open 2026