Home राष्ट्रीय तमिलनाडु में PM मोदी की मेगा रैली, NDA विस्तार की अटकलें तेज

तमिलनाडु में PM मोदी की मेगा रैली, NDA विस्तार की अटकलें तेज

166
0
PM Modi's mega rally in Tamil Nadu sparks speculation about NDA expansion

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में महज चार महीने शेष रहते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 जनवरी को मदुरंथकम में विशाल रैली के जरिए एनडीए के चुनावी अभियान का शंखनाद करेंगे। चेन्नई से करीब 100 किलोमीटर दूर होने वाली इस जनसभा को राज्य की राजनीति में बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है। भाजपा प्रदेश नेतृत्व रैली की तैयारियों में पूरी ताकत झोंक चुका है और माना जा रहा है कि इसी मंच से एनडीए में नए सहयोगियों की औपचारिक एंट्री का ऐलान हो सकता है।

एनडीए की अगुवाई कर रही एआईएडीएमके ने संकेत दिए हैं कि विजयकांत की पार्टी डीएमडीके से गठबंधन वार्ता अंतिम दौर में है। वहीं भाजपा ओ. पन्नीरसेल्वम और एएमएमके प्रमुख टीटीवी दिनाकरन को साथ लाने की कोशिश में है। हालांकि एआईएडीएमके महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी व्यक्तिगत मतभेदों के कारण ओपीएस की वापसी पर सहमत नहीं दिख रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक दिनाकरन का एनडीए में शामिल होना लगभग तय माना जा रहा है और इसकी घोषणा मोदी की मौजूदगी में हो सकती है।

GNSU Admission Open 2026

पीएमके में हुई टूट भी समीकरणों को प्रभावित कर रही है। संस्थापक डॉ. रामदास द्वारा अंबुमणि रामदास को निष्कासित किए जाने के बाद पार्टी दो धड़ों में बंट गई है। अंबुमणि गुट पहले ही एआईएडीएमके के साथ खड़ा है, जबकि रामदास ने अब तक अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है। सत्तारूढ़ डीएमके–कांग्रेस गठबंधन को चुनौती देने के लिए भाजपा और एआईएडीएमके मजबूत मोर्चाबंदी में जुटे हैं।

इस बीच अभिनेता विजय की तमिझगा वेत्री कझगम (टीवीके) का उभार चुनावी तस्वीर को रोचक बना रहा है। विजय ने भाजपा और डीएमके दोनों से दूरी बना रखी है, लेकिन एआईएडीएमके के कुछ नेता उनसे पर्दे के पीछे संपर्क में बताए जा रहे हैं। विजय की फिल्म से जुड़े विवादों और सीबीआई पूछताछ को उनके समर्थक राजनीतिक दबाव के रूप में देख रहे हैं। ऐसे में मोदी की रैली न केवल एनडीए की एकजुटता दिखाएगी, बल्कि तमिलनाडु की आगामी सियासी दिशा भी तय कर सकती है।

GNSU Admission Open 2026