पीएम मोदी का वाराणसी और भुवनेश्वर दौरा, कई परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन
PM Modi to visit Varanasi and Bhubaneswar; will inaugurate several projects

नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को उत्तर प्रदेश और ओडिशा के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह वाराणसी में नई गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग फैक्ट्री का उद्घाटन करेंगे और भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना वर्ष के अवसर पर आयोजित एयर शो में शामिल होंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नए डेटा सेंटर और साइबर सिक्योरिटी ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का उद्घाटन करेंगे।

वाराणसी में गारमेंट फैक्ट्री का उद्घाटन

प्रधानमंत्री वाराणसी में अरविंद लिमिटेड की नई गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग फैक्ट्री का उद्घाटन करेंगे। इस इकाई का उद्देश्य देश के टेक्सटाइल और परिधान विनिर्माण क्षेत्र को मजबूती देना तथा उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देना है। आधुनिक तकनीक और विनिर्माण प्रक्रियाओं पर आधारित इस परियोजना से रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। खासकर महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया गया है।

GNSU Admission Open 2026

इस फैक्ट्री में तैयार होने वाले उत्पादों को वैश्विक ग्राहकों तक पहुंचाने की योजना है। इससे वाराणसी में निर्मित परिधानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान मिलने के साथ क्षेत्र में औद्योगिक निवेश को भी प्रोत्साहन मिल सकता है।

‘विंग्स ओवर गंगा’ में दिखेगा वायुसेना का दम

प्रधानमंत्री वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में होने वाले इस एयर शो में स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस, हल्का लड़ाकू हेलीकॉप्टर प्रचंड, सुखोई-30 और राफेल सहित कई विमान अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।

कार्यक्रम में सूर्य किरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम भी हिस्सा लेंगी। इनके प्रदर्शन में सटीक उड़ान, अनुशासन और आपसी समन्वय देखने को मिलेगा। भारतीय नौसेना और थलसेना के विमान भी संयुक्त परिचालन क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।

भुवनेश्वर में RBI की नई डिजिटल सुविधाएं

वाराणसी कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री भुवनेश्वर पहुंचेंगे। यहां वह भारतीय रिजर्व बैंक के नए डेटा सेंटर और साइबर सिक्योरिटी ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का उद्घाटन करेंगे। इन सुविधाओं का उद्देश्य बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्र के लिए सुरक्षित तथा मजबूत डिजिटल ढांचा तैयार करना है।

नए डेटा सेंटर परिसर में चार अत्याधुनिक डेटा सेंटर होंगे, जहां भुगतान और निपटान प्रणालियों समेत महत्वपूर्ण डिजिटल सेवाओं का संचालन किया जाएगा। इसे अपटाइम इंस्टीट्यूट के टियर-4 मानक का प्रमाणन प्राप्त है, जो डेटा सेंटर के बुनियादी ढांचे और परिचालन विश्वसनीयता से जुड़ा वैश्विक मानक है।

वहीं, साइबर सिक्योरिटी ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में साइबर सुरक्षा, एंटरप्राइज टेक्नोलॉजी और शोध पर ध्यान दिया जाएगा। यहां क्वांटम कंप्यूटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी उभरती तकनीकों में विशेषज्ञता विकसित करने का लक्ष्य है। इन परियोजनाओं से डिजिटल वित्तीय सेवाओं की सुरक्षा, दक्षता और विश्वसनीयता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।