असम : असम में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस चुनाव के एलान से पहले दो दिन के असम दौरे पर शुक्रवार से रहेंगे। इस दौरान वे 47,600 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का अनावरण करेंगे। वे आज दोपहर कोकराझार पहुंचेंगे। वहां 4,570 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का अनावरण करेंगे। इसके बाद वे गुवाहाटी जाएंगे और वहां 19,680 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। यह पिछले चार महीनों में मोदी की राज्य की चौथी यात्रा होगी। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा “मैं अगले दो दिनों में असम और पश्चिम बंगाल में कोकराझार, गुवाहाटी, सिलचर और कोलकाता में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लूंगा। ये कार्यक्रम इन राज्यों के लोगों से बातचीत करने का एक शानदार अवसर मिलेगा। इसके साथ ही कई विकास कार्यों का भी उद्घाटन किया जाएगा।” मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि यात्रा की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “असम के लोग आज आदरणीय नरेंद्र मोदी जी के आगमन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
हमने अंतिम तैयारियां पूरी कर ली हैं। अगले 48 घंटों में 47,600 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं हमारी जनता को समर्पित की जाएंगी।” कोकराझार में, मोदी असम माला 3.0 के लिए ‘भूमि पूजन’ करेंगे, जो सड़क अवसंरचना की एक प्रमुख पहल है। इस योजना के तहत 900 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जिससे अंतर-राज्यीय संपर्क में सुधार होगा। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों और ग्रामीण सड़कों के बीच संबंध मजबूत होंगे। वह बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद (बीटीसी) क्षेत्र में लगभग 1,100 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित किए जाने वाले चार फ्लाईओवर और दो पुलों का ‘भूमि पूजन’ भी करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि इन परियोजनाओं से कोकराझार जिले में यातायात की भीड़ कम होने और कनेक्टिविटी, पर्यटन, कृषि तक पहुंच, स्वास्थ्य सेवा तक पहुंच और ग्रामीण आवागमन में सुधार होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री रेलवे रखरखाव को मजबूत करने और परिचालन दक्षता बढ़ाने के लिए जिले के बाशबारी में एक आवधिक ओवरहालिंग (पीओएच) कार्यशाला की आधारशिला रखेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि वह तीन नई ट्रेनों – कामाख्या-चारलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस, गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस और नारंगी-अगरतला एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाएंगे। गुवाहाटी में, मोदी चाय बागान श्रमिकों को भूमि पट्टे वितरित करेंगे, जो चाय बागान समुदाय को गृहस्थी भूमि अधिकार प्रदान करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। वह देश भर के 93 करोड़ से अधिक किसानों को पीएम-किसान योजना की 22वीं किस्त भी जारी करेंगे। प्रधानमंत्री दीमा हसाओ और पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिलों में स्थित 2,300 करोड़ रुपये की कोपिली जलविद्युत परियोजना का अनावरण करेंगे। वह ऑयल इंडिया लिमिटेड की नुमालीगढ़-सिलीगुड़ी उत्पाद पाइपलाइन (एनएसपीएल) की क्षमता संवर्धन परियोजना का भी उद्घाटन करेंगे, जिससे अतिरिक्त पेट्रोलियम उत्पादों की निकासी को सक्षम बनाकर नुमालीगढ़ रिफाइनरी की क्षमता को 3 मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष से बढ़ाकर 9 मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष करने में सुविधा होगी।
अन्य परियोजनाओं के अलावा, मोदी उत्तर पूर्व गैस ग्रिड के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे, जो गुवाहाटी को नुमालीगढ़, गोहपुर और इटानगर से जोड़ने वाली एक प्रमुख पाइपलाइन परियोजना है, जिसकी एक शाखा लाइन दीमापुर तक विस्तारित होगी। वह हैलाकांडी जिले के पंचग्राम में नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड के रेल-चालित पीओएल टर्मिनल की आधारशिला भी रखेंगे। प्रधानमंत्री कामाख्या रेलवे स्टेशन को कामाख्या मंदिर से जोड़ने वाली रोपवे परियोजना की आधारशिला रखेंगे, जिसकी प्रतिदिन लगभग 17,000 यात्रियों को ले जाने की क्षमता होगी। वह गुवाहाटी में पीएम एकता मॉल का भी उद्घाटन करेंगे, जिसे असम और पूर्वोत्तर के लिए एक प्रमुख वाणिज्यिक और पर्यटन केंद्र के रूप में परिकल्पित किया गया है, जिसमें वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) वस्तुओं, जीआई-टैग वाले उत्पादों, असम और अन्य राज्यों के हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पादों के लिए स्थायी स्टॉल होंगे। वे शनिवार को सिलचर के लिए रवाना होंगे, जहां वे लगभग 23,550 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करने वाले हैं।असम में विधानसभा चुनाव अप्रैल में होने की संभावना है, जिसमें सत्तारूढ़ भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रही है।







