
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली को विकास की बड़ी सौगात देते हुए 33,500 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की पिंक और मजेंटा लाइन के नए हिस्सों का उद्घाटन किया और तीन नए मेट्रो कॉरिडोर की आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद बुराड़ी, यमुना विहार, खजूरी खास और वजीराबाद जैसे इलाकों में रहने वाले लाखों लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और उनके सफर को काफी आसान बनाया जा सकेगा। सरकार के अनुसार, मेट्रो विस्तार से ट्रैफिक दबाव कम होगा और राजधानी में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और मजबूत होगी।
परियोजनाओं के शुभारंभ के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर द्रौपदी मुर्मू के पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि यह न केवल देश की राष्ट्रपति का अपमान है, बल्कि नारी शक्ति और पूरे आदिवासी समाज की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू संथाल आदिवासी परंपरा के एक पवित्र उत्सव में शामिल होने बंगाल गई थीं, लेकिन राज्य सरकार ने उस कार्यक्रम का बहिष्कार किया।मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति का पद राजनीति से ऊपर होता है और उसकी गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि देश की नारी शक्ति और आदिवासी समाज इस घटना से बेहद आहत है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता और आदिवासी समाज इस अपमान को कभी नहीं भूलेगा।






