Major fire at Jalandhar mattress factory, one person injured; employees evacuated safely

जालंधर: पंजाब के जालंधर में बस्ती पीर दाद रोड स्थित गद्दे बनाने वाली एक फैक्ट्री में गुरुवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि फैक्ट्री में काम कर रहे सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब नौ बजे फैक्ट्री से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। गद्दों और उनमें इस्तेमाल होने वाली ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई। आग से उठता धुएं का गुबार करीब दो किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था।

GNSU Admission Open 2026

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आठ से 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया। एडीएफओ मनिंदर सिंह के अनुसार, करीब 95 प्रतिशत आग पर नियंत्रण पा लिया गया था। हालांकि, फैक्ट्री का शेड गिरने से दमकलकर्मियों को राहत एवं बचाव कार्य में कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। आग की चपेट में आने से फैक्ट्री और आसपास के क्षेत्र में नुकसान हुआ है। फिलहाल नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।

सूचना मिलने पर थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। वहीं, स्थानीय लोगों ने रिहायशी इलाके में फैक्ट्री संचालन को लेकर चिंता जताई है। लोगों ने प्रशासन से ऐसे प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग की है।

Tags: Jalandhar Fire, Punjab News, Factory Fire, Jalandhar Factory Fire, Fire Accident, Bastī Peer Dad Road, Punjab Fire News, Breaking News