Home राष्ट्रीय ऊर्जा संकट पर हंगामे के कारण लोक सभा की कार्यवाही 12 बजे...

ऊर्जा संकट पर हंगामे के कारण लोक सभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित

47
0
Lok Sabha adjourned till 12 noon due to uproar over power crisis

नयी दिल्ली। लोक सभा में कांग्रेस सदस्यों के अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध के कारण देश में उत्पन्न ऊर्जा संकट पर चर्चा कराने की मांग पर अड़े रहने और इसे लेकर शोरगुल करने के कारण गुरुवार को सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी। पूर्वाह्न 11 बजे कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस सदस्य के सी वेणुगोपाल और अन्य सदस्य अपने-अपने स्थानों पर खड़े हो गये तथा देश में ऊर्जा संकट पर चर्चा कराने की मांग करने लगे।

इस बीच, अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि वह पहले भी कहते रहे हैं और आज फिर कह रहे हैं कि प्रश्न काल बहुत महत्वपूर्ण होता है। प्रश्न काल में सदस्य अहम विषयों पर सवाल पूछते हैं और सरकार की जवाबदेही तय होती है। इसलिए प्रश्न काल की कार्यवाही चलने दें, इसके बाद दोपहर 12 बजे सदस्य अपनी बात कह सकते हैं। कांग्रेस सदस्य इसके बाद भी ऊर्जा संकट पर चर्चा कराने पर जोर देते रहे। इस पर श्री बिरला ने कहा कि उनके खिलाफ लाये गये अविश्वास प्रस्ताव पर दो दिन बहस चली है और आज वह सदन में आये हैं। वह अभी इसके लिए सदस्यों को धन्यवाद भी नहीं दे रहे हैं।

GNSU Admission Open 2026

वह इस विषय पर कुछ बात सदन में रखना चाहते हैं। प्रश्न काल के बाद दोपहर 12 बजे वह इस पर कुछ बोलेंगे। वह फिर आग्रह कर रहे हैं कि प्रश्न काल चलने दें। ऊर्जा संकट पर तत्काल चर्चा कराने की मांग पर अड़े कांग्रेस सदस्यों पर श्री बिरला के आग्रह का कोई असर नहीं हुआ और वे अपनी मांग पर जोर देते रहे। इस पर श्री बिरला ने कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। उल्लेखनीय है कि श्री बिरला के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव दो दिन चली चर्चा के बाद बुधवार शाम ध्वनि मत से खारिज कर दिया गया। श्री बिरला 10 फरवरी को उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिये जाने के बाद से सदन में नहीं आये थे।

GNSU Admission Open 2026