जौनपुर: पंजाब के जालंधर (छेहरटा) से वाराणसी कैंट के बीच चलने वाली नई संत रविदास एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 14682/14681) का जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर आधिकारिक ठहराव तय हो गया है। रेलवे बोर्ड से हरी झंडी मिलने के बाद इस संबंध में समय-सारणी भी जारी कर दी गई है। रेलवे प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार इस नई ट्रेन सेवा का भव्य उद्घाटन 17 जुलाई को किया जाएगा। उद्घाटन के बाद यह ट्रेन अपने नियमित सफर पर रवाना होगी।
18 जुलाई को दोपहर ठीक 11:01 बजे यह ट्रेन पहली बार जौनपुर सिटी स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचेगी। स्टेशन पर ट्रेन के पहले आगमन को लेकर स्थानीय रेल अधिकारियों और यात्रियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है, और इसके स्वागत की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। इस ट्रेन के शुरू होने और जौनपुर सिटी स्टेशन पर ठहराव मिलने से जिले के लोगों को दो बड़े फायदे होंगे, जौनपुर से बड़ी संख्या में लोग व्यापार, नौकरी और मजदूरी के सिलसिले में पंजाब (जालंधर, लुधियाना, अमृतसर) आते-जाते हैं। अब उन्हें सीधे ट्रेन की सुविधा मिल सकेगी।
जौनपुर से वाराणसी कैंट जाने वाले दैनिक यात्रियों, छात्रों और बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह एक बेहतरीन और आरामदायक विकल्प साबित होगी।
संत रविदास एक्सप्रेस पंजाब के अमृतसर के पास छेहरटा स्टेशन से खुलकर जालंधर, लुधियाना, अंबाला, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ और सुल्तानपुर होते हुए जौनपुर सिटी पहुंचेगी। जौनपुर सिटी पर 2 मिनट के ठहराव के बाद यह ट्रेन वाराणसी कैंट के लिए रवाना हो जाएगी। वापसी में भी इसी रूट से यह ट्रेन संचालित होगी। इस नए स्टॉपेज को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने रेल मंत्रालय का आभार व्यक्त किया है, क्योंकि लंबे समय से इस रूट पर एक सीधी और त्वरित ट्रेन की मांग की जा रही थी।







