Home राष्ट्रीय दिल्ली में फर्जी बम धमकियों से हड़कंप, मेट्रो से लाल किला तक...

दिल्ली में फर्जी बम धमकियों से हड़कंप, मेट्रो से लाल किला तक बढ़ाई गई सुरक्षा

143
0
Fake bomb threats create panic in Delhi, security beefed up from Metro station to Red Fort

नयी दिल्ली: नयी दिल्ली में सोमवार को ईमेल के जरिए मिली बम धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर ला दिया। धमकी भरे संदेश मिलने के बाद शहर के सभी मेट्रो स्टेशनों और प्रमुख सरकारी व ऐतिहासिक स्थलों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई। पुलिस के अनुसार दिल्ली सचिवालय, दिल्ली विधानसभा, लाल किला और दो स्कूलों को संदिग्ध ईमेल प्राप्त हुए थे। व्यापक तलाशी अभियान के बाद इन्हें फर्जी घोषित कर दिया गया, लेकिन एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की गई है।

धमकी वाले ईमेल में संवेदनशील स्थानों पर तय समय पर विस्फोट का दावा किया गया था। मेट्रो सेवाओं का विशेष उल्लेख होने के कारण दिल्ली मेट्रो रेल निगम नेटवर्क के सभी स्टेशनों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। बम निरोधक दस्ते और श्वान दस्तों को लाल किला, सचिवालय और विधानसभा परिसर सहित कई स्थानों पर लगाया गया। शहरभर में हाई अलर्ट जारी कर औचक तलाशी और गहन जांच अभियान चलाया गया।

GNSU Admission Open 2026

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि साइबर टीमें ईमेल भेजने के लिए इस्तेमाल किए गए आईपी एड्रेस की पहचान में जुटी हैं। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि शरारती तत्व ‘वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क’ (वीपीएन) का उपयोग कर जांच को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि तकनीकी विशेषज्ञ आरोपियों तक पहुंचने में सक्षम होंगे।

सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा के लिए दिल्ली पुलिस ने मेट्रो और अन्य संबंधित एजेंसियों के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठकें भी कीं। साथ ही उत्तर प्रदेश और हरियाणा में संबंधित अधिकारियों से उनके क्षेत्र के मेट्रो स्टेशनों पर भी सतर्कता बढ़ाने का अनुरोध किया गया है।

हालांकि अब तक किसी भी स्थान से संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन पुलिस ने साफ किया है कि एहतियात के तौर पर निगरानी और सुरक्षा इंतजाम फिलहाल और सख्त रहेंगे।

GNSU Admission Open 2026