Home बिहार जयपुर में बिहार की आठ साल की नवी श्री का जलवा, कराटे...

जयपुर में बिहार की आठ साल की नवी श्री का जलवा, कराटे स्कूली गेम्स में जीता गोल्ड

212
0
Eight-year-old Navi Sri from Bihar shines in Jaipur, wins gold in Karate School Games

सारण: बिहार की बेटियां आज शिक्षा के साथ-साथ खेल के मैदान में भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। इसी कड़ी में सारण जिले के मढ़ौरा नगर पंचायत की महज आठ वर्षीय छात्रा नवी श्री ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। नवी श्री ने जयपुर में आयोजित कराटे स्कूली गेम्स सीजन-3 में स्वर्ण पदक जीतकर यह साबित कर दिया कि उम्र सफलता की राह में कभी बाधा नहीं बनती।

राजस्थान की राजधानी जयपुर में 24 और 25 जनवरी को मालवीय नगर स्थित ज्ञान विहार स्कूल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में इस राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता में देश के 16 से अधिक राज्यों से आए करीब 1200 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबलों के बीच नवी श्री ने अपने से अधिक उम्र की प्रतिभागियों को मात देते हुए 10 वर्ष आयु वर्ग में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। विजेताओं को ट्रॉफी, पदक, प्रमाण पत्र के साथ नगद पुरस्कार भी प्रदान किए गए।

GNSU Admission Open 2026

अतिप्राचीन औद्योगिक नगरी के रूप में पहचाने जाने वाले मढ़ौरा की रहने वाली नवी श्री मनोकामना सिंह परिवार से ताल्लुक रखती हैं। वह सिद्धांत सिंह उर्फ मन्नू सिंह और तन्नू सिंह की पुत्री हैं। नवी वर्तमान में पटना स्थित ‘दी चैम्पियंस क्लब’ से जुड़कर कोच सेंसेई सौरव कुमार के मार्गदर्शन में कराटे का नियमित प्रशिक्षण ले रही हैं। पढ़ाई के साथ खेल को संतुलित रखना उनकी दिनचर्या का अहम हिस्सा है।

नवी की इस सफलता की खबर मिलते ही मढ़ौरा समेत पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल बन गया। वार्ड पार्षद, बड़ी मां सम्पा सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों और सामाजिक संगठनों ने नवी को बधाइयां और शुभकामनाएं दीं। कोच सेंसेई सौरव कुमार का कहना है कि नवी में कम उम्र में ही असाधारण प्रतिभा दिख रही है और उसकी मेहनत व अनुशासन उसे भविष्य की बड़ी खिलाड़ी बनने की ओर ले जा रहे हैं।

GNSU Admission Open 2026