श्रीनगर। श्रीनगर पुलिस ने डाउनटाउन इलाके में मादक पदार्थों की बड़े पैमाने पर तस्करी करने वाले एक नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.18 लाख टैपेंटाडोल टैबलेट और 3.83 किलोग्राम कोडीन बरामद की है। इसके अलावा कई करोड़ रुपये की नकदी और चल-अचल संपत्ति भी जब्त की गई है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ की गई। प्रारंभिक जांच में आठ आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद वसीम जरगर, हारिस हामिद मल्ला, आकिब सलीम डार, इनाम अहमद जरगर, साहिब अहमद गनई, अंसार हुसैन भट, पीर शकूर और हारून पंडित के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि इस नेटवर्क से जुड़े दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं। उनकी पहचान सफाकदल निवासी फैजान फिरदौस खांडे उर्फ फरजान पुज्ज और उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी मोहम्मद शहवर के रूप में की गई है।
पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है। बरामद मादक पदार्थों की मात्रा और जब्त संपत्ति के आधार पर मामले को बड़े तस्करी नेटवर्क से जोड़कर देखा जा रहा है।
अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच के दौरान आरोपियों की गतिविधियों, मादक पदार्थों की आपूर्ति के स्रोत और तस्करी से अर्जित संपत्ति से संबंधित तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।







