नयी दिल्ली :प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को राजधानी दिल्ली में 33,500 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में दिल्ली मेट्रो के चौथे चरण के तहत तैयार दो कॉरिडोर का उद्घाटन और पांचवें चरण के अंतर्गत स्वीकृत तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास शामिल है प्रधानमंत्री इस दौरान सरोजिनी नगर में नवनिर्मित सरकारी आवासों का निरीक्षण भी करेंगे और महिला आवंटियों को आवास की चाबियां सौंपेंगे।
कार्यक्रम से पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री Rekha Gupta ने बुराड़ी के डीडीए मैदान में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं से राजधानी में तेज, सुगम और पर्यावरण के अनुकूल सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को बढ़ावा मिलेगा। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, सड़कों पर वाहनों की भीड़ कम होगी और प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री पिंक लाइन पर 12.3 किलोमीटर लंबे मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे।
इसके शुरू होने से देश में पहली बार मेट्रो रिंग नेटवर्क पर पूरी तरह से सेवा शुरू हो जाएगी। इसके अलावा मैजेंटा लाइन पर 9.9 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर का भी उद्घाटन किया जाएगा। इससे बुराड़ी, जगतपुर, वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार, मधुबन चौक, हैदरपुर, बादली, भलस्वा और मजलिस पार्क जैसे इलाकों की मेट्रो कनेक्टिविटी बेहतर होगी। साथ ही प्रधानमंत्री केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा दिसंबर में स्वीकृत मेट्रो फेज-5 (ए) के तहत तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास भी करेंगे। माना जा रहा है कि इन परियोजनाओं के शुरू होने से दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को और मजबूती मिलेगी।







