
महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार से जुड़े विमान हादसे की खबर ने पूरे देश को गहरे सदमे में डाल दिया है। इस दर्दनाक घटना से जुड़ी कई तस्वीरें और कहानियां सामने आ रही हैं, लेकिन सबसे भावुक कर देने वाला पहलू 25 वर्षीय को-पायलट शाम्भवी पाठक से जुड़ा है, जिनका हादसे से कुछ घंटे पहले भेजा गया एक छोटा-सा संदेश अब उनकी आखिरी याद बन गया है।
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह शाम्भवी ने ग्वालियर में रहने वाली अपनी दादी मीरा पाठक को “गुड मॉर्निंग” का मैसेज भेजा था। आमतौर पर कम मैसेज करने वाली शाम्भवी का यह संदेश दादी के लिए खुशी और हैरानी दोनों लेकर आया। लेकिन कुछ ही घंटों बाद वही सुबह मातम में बदल गई, जब परिवार को विमान हादसे की सूचना मिली।
मुंबई से बारामती जा रहा Learjet 45 पुणे जिले में बारामती एयरपोर्ट के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में अजित पवार, को-पायलट शाम्भवी पाठक, कैप्टन सुमित कपूर, फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली और पवार के निजी सुरक्षा अधिकारी विदिप जाधव की मौत की खबर सामने आई, जिससे महाराष्ट्र सहित पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई।
शाम्भवी पाठक का परिवार एविएशन से गहराई से जुड़ा रहा है। वह रिटायर्ड एयरफोर्स पायलट विक्रम पाठक की बेटी थीं। शुरुआती पढ़ाई उन्होंने ग्वालियर में की, बाद में परिवार के दिल्ली शिफ्ट होने पर उन्होंने वहीं से आगे की पढ़ाई पूरी की। उड़ान के अपने सपने को पूरा करने के लिए शाम्भवी ने न्यूजीलैंड से कमर्शियल पायलट ट्रेनिंग हासिल की और कम उम्र में ही अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर उड़ान भरने लगीं।
ग्वालियर में पड़ोसी और परिचित शाम्भवी को एक होनहार, मिलनसार और आत्मविश्वासी युवती के रूप में याद कर रहे हैं। दादी को भेजा गया वह “गुड मॉर्निंग” संदेश अब पूरे परिवार के लिए एक अमिट और भावुक याद बन गया है, जिसने इस त्रासदी को और भी दर्दनाक बना दिया है।






