तमिलनाडु: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने राज्य की महिलाओं के लिए बड़ी आर्थिक राहत की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि ‘कलाइग्नार मगलीर उरिमाई थोगई’ (कलाईनार महिला अधिकार योजना) के तहत 1.31 करोड़ महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 5,000 रुपये जमा कर दिए गए हैं। यह राशि फरवरी, मार्च और अप्रैल के लिए प्रति माह 1,000 रुपये की अग्रिम सहायता (कुल 3,000 रुपये) तथा 2,000 रुपये की विशेष ग्रीष्मकालीन सहायता को मिलाकर दी गई है।
स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि यह केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि महिलाओं के सामाजिक योगदान का सम्मान है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि यदि उनकी पार्टी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) दोबारा सत्ता में आती है, तो वर्तमान 1,000 रुपये की मासिक सहायता राशि को बढ़ाकर 2,000 रुपये कर दिया जाएगा। इसे उन्होंने ‘द्रविड़ मॉडल 2.0’ की दिशा में बड़ा कदम बताया।
गौरतलब है कि यह योजना सितंबर 2023 में शुरू की गई थी। प्रारंभ में 1.13 करोड़ महिलाओं को लाभ मिला था, जिसे अब बढ़ाकर 1.31 करोड़ तक पहुंचा दिया गया है। राज्य सरकार ने पहले घोषणा की थी कि यह योजना 15 सितंबर को सी.एन. अन्नादुराई की जयंती पर लागू की जाएगी।
तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल 10 मई 2026 को समाप्त हो रहा है और चुनाव अगले वर्ष की पहली छमाही में संभावित हैं। ऐसे में इस योजना को आगामी चुनावों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। 2021 के चुनावों में डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 133 सीटें जीती थीं। स्टालिन ने विश्वास जताया कि महिलाओं का समर्थन उनकी पार्टी को फिर से सत्ता तक पहुंचाएगा।







