Home राष्ट्रीय इंडिगो फ्लाइट में बम की धमकी, वाराणसी में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

इंडिगो फ्लाइट में बम की धमकी, वाराणसी में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

106
0
Bomb threat on IndiGo flight, emergency landing in Varanasi

हैदराबाद: हैदराबाद से वाराणसी जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब विमान के अंदर बम होने की धमकी से जुड़ा एक हस्तलिखित नोट मिला। इस सूचना के मिलते ही विमान को तत्काल वाराणसी के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग के लिए डायवर्ट कर दिया गया। फ्लाइट में 200 से अधिक यात्री सवार थे, जिन्हें पूरी तरह सुरक्षित उतार लिया गया।

जानकारी के अनुसार, जैसे ही क्रू मेंबर्स को बम की धमकी वाला नोट मिला, उन्होंने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और एयरलाइन अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद सभी मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिए गए। विमान ने सुरक्षित रूप से वाराणसी में लैंडिंग की, जहां पहले से ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर थीं।

GNSU Admission Open 2026

लैंडिंग के तुरंत बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), बम निरोधक दस्ता, अग्निशमन विभाग और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। यात्रियों को विमान से उतारकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया और उनकी विस्तृत जांच की गई। इसके साथ ही विमान की गहन तलाशी ली गई। जांच के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली, जिससे यात्रियों और प्रशासन ने राहत की सांस ली।

हवाई अड्डा अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी वाला नोट किसने और किस उद्देश्य से लिखा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एजेंसियां सभी पहलुओं पर जांच कर रही हैं। एयरलाइन की ओर से भी यात्रियों को हर संभव सहयोग और सहायता प्रदान की गई।

गौरतलब है कि हाल के महीनों में इंडिगो समेत कई एयरलाइंस को बम की धमकियां मिल चुकी हैं। इससे पहले जनवरी में दिल्ली से बागडोगरा जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को भी बम की धमकी के बाद लखनऊ में आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने विमानन सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है और प्रशासन को और अधिक सतर्क रहने की जरूरत पर जोर दिया जा रहा है।

GNSU Admission Open 2026