
रांची। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में सुरक्षा बलों के नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन के दौरान आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आने से आज 209 कोबरा बटालियन के सहायक कमांडेंट अजय मलिक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर एफ कोबरा और जिला पुलिस की जॉइंट टीम सर्च ऑपरेशन चला रही थी।
जंगल के दुर्गम रास्ते में अचानक नक्सलियों के द्वारा जमीन के नीचे प्लांट किया गया प्रेशर आईईडी ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। सहायक कमांडेंट अजय मलिक इस धमाके की चपेट में आ गए। धमाके के बाद मौके पर मौजूद जवानों ने तुरंत इलाके को घेर लिया और किसी भी संभावित खतरे को रोकने की कोशिश की। पुलिस मुख्यालय और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई।
अतिरिक्त सुरक्षा बलों को मौके पर भेजा गया और तलाशी अभियान जारी है। वहीं घायल अजय मलिक को घटनास्थल से सुरक्षित निकालकर प्राथमिक उपचार किया गया। उनकी हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची एयरलिफ्ट कर लाया जाएगा। खेलगांव स्थित हेलीपैड पर एम्बुलेंस और डॉक्टरों की टीम अलर्ट पर रखी गई है। यहां से उन्हें सीधे राज अस्पताल ले जाया जाएगा।






