Arunachal Congress raised the demand for increasing facilities in the border areas, Bosiram Siram said – Tuxing is India's frontline

ईटानगर: अरुणाचल प्रदेश कांग्रेस ने रणनीतिक रूप से अहम सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों और तैनात सुरक्षा बलों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बोसीराम सिराम ने ऊपरी सुबनसिरी जिले के टक्सिंग सेक्टर के चार दिवसीय दौरे के बाद केंद्र सरकार से सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की अपील की।

दौरे के दौरान सिराम और कांग्रेस नेताओं ने पंचायत प्रतिनिधियों के साथ स्थानीय ग्रामीणों तथा सुरक्षा कर्मियों से मुलाकात की और इलाके की जमीनी स्थिति की जानकारी ली। सिराम ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों की वास्तविक समस्याओं को समझने के लिए नेताओं को स्वयं वहां पहुंचकर लोगों से संवाद करना चाहिए।उन्होंने कहा कि टक्सिंग देश का कोई दूरदराज इलाका नहीं, बल्कि भारत की अग्रिम पंक्ति है। ऐसे क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और सीमा की सुरक्षा में तैनात जवानों को पर्याप्त सरकारी सहायता और सुविधाएं मिलनी चाहिए।

GNSU Admission Open 2026

बहुदलीय संसदीय दल भेजने की मांग

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र सरकार से टक्सिंग सहित अन्य रणनीतिक सीमावर्ती इलाकों का दौरा करने के लिए बहुदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल भेजने का आग्रह किया। उनका कहना है कि ऐसे दौरे लोकतांत्रिक निगरानी को मजबूत करेंगे और निर्वाचित प्रतिनिधियों को स्थानीय लोगों, सुरक्षा बलों और प्रशासनिक अधिकारियों से सीधे बातचीत का अवसर मिलेगा सिराम ने सीमावर्ती इलाकों में तैनात सैनिकों के लिए निर्बाध आपूर्ति व्यवस्था, आधुनिक उपकरण, बेहतर संचार सुविधा, पर्याप्त आवास और चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने की भी मांग की। उन्होंने पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती पर भी जोर दिया।

‘अरुणाचल रेजीमेंट’ बनाने की वकालत

बोसीराम सिराम ने राज्य के युवाओं को सेना में अधिक अवसर देने के लिए ‘अरुणाचल रेजीमेंट’ गठित करने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि इस रेजीमेंट में राज्य के स्थानीय आदिवासी युवाओं को बड़ी संख्या में भर्ती किया जाना चाहिए।सिराम ने कहा कि सीमावर्ती गांवों के निवासी देश की सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने केंद्र से अपील की कि यदि इन लोगों और सैनिकों से सीमा पर मजबूती से खड़े रहने की अपेक्षा की जाती है, तो सरकार को भी उनके साथ बुनियादी सुविधाओं और संसाधनों के स्तर पर मजबूती से खड़ा होना चाहिए।