गौतमबुद्धनगर: गौतमबुद्धनगर में अग्नि सुरक्षा और मानव सुरक्षा मानकों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत कोचिंग सेंटरों, होटलों और अन्य व्यावसायिक संस्थानों का व्यापक निरीक्षण किया जा रहा है। संयुक्त टीमों द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में कई संस्थानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई, जिसके बाद प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए कई संस्थानों को सील कर दिया और कई को नोटिस जारी किए हैं।
बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक की संयुक्त टीमों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। अधिकारियों ने सुरक्षा उपकरणों, भवन सुरक्षा, अग्निशमन व्यवस्था, आवश्यक दस्तावेजों और पंजीकरण संबंधी मानकों की पड़ताल की।
जेवर क्षेत्र में उप जिलाधिकारी दुर्गेश सिंह के नेतृत्व में बालाजी गेस्ट हाउस, एसआर प्लाजा, द ग्रैंड होटल और जेपी वेलवेट होटल का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान बालाजी गेस्ट हाउस में गंभीर खामियां मिलने पर उसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया, जबकि अन्य संस्थानों को आवश्यक सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए।
कोचिंग संस्थानों की जांच में भी कई अनियमितताएं सामने आईं। जिला विद्यालय निरीक्षक के अनुसार, बुधवार को 46 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया। ग्रेटर नोएडा में दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों की कमी पाए जाने पर पांच कोचिंग सेंटरों को सील कर दिया गया। वहीं, नोएडा के सेक्टर-16 और सेक्टर-18 में जांच के दौरान दो संस्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई हुई। सेक्टर-22 में चार संस्थानों की जांच के बाद दो को नोटिस जारी किए गए।
प्रशासन के मुताबिक, पिछले दो दिनों में कुल 66 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया है। इनमें से नौ को सील किया गया, जबकि 12 संस्थानों को नोटिस देकर कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







