Home राष्ट्रीय कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोडवेज बस ने मारी टक्कर, एक महिला...

कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोडवेज बस ने मारी टक्कर, एक महिला की मौत, 11 घायल

18
0
A roadways bus collided with a tractor-trolley full of pilgrims, killing one woman and injuring 11 others.

फर्रुखाबाद: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले की सीमा से सटे शाहजहांपुर के अल्लाहगंज थाना क्षेत्र में रविवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। इटावा-बरेली हाईवे पर रामगंगा पुल के पास कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की रोडवेज बस से टक्कर हो गई। हादसे में एक महिला कांवड़िया की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन श्रद्धालु घायल हो गए। बस चालक भी दुर्घटना में घायल हुआ है। पुलिस के अनुसार, लखीमपुर खीरी जिले से करीब एक दर्जन कांवड़िये ट्रैक्टर-ट्रॉली से फर्रुखाबाद के गंगा पांचाल घाट पर स्नान कर गंगाजल लेने जा रहे थे। रविवार सुबह करीब 5:30 बजे रामगंगा पुल के समीप तेज रफ्तार रोडवेज बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर सवार श्रद्धालु घायल हो गए और रोडवेज बस भी क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद घायलों को फर्रुखाबाद जिले के राजेपुर और रायपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में उपचार के लिए पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने लखीमपुर खीरी के मैलानी थाना क्षेत्र के जटपुरा गांव निवासी करीब 35 वर्षीय मंजू देवी को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों में फूलमती, यश कुमार, मीना, सपना, निर्मला, कमलेश, नेमा, पूनम देवी, श्री कृष्णा, गुड्डी और जमुना देवी शामिल हैं। सात घायलों को अल्लाहगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और चार को राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया गया। गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को फर्रुखाबाद के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया।

GNSU Admission Open 2026

पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फतेहगढ़ भेज दिया है। अल्लाहगंज पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया है और हादसे की जांच की जा रही है।