Motihari 'Kafan Yojana' scam: Hundreds of transactions in a single account

मोतिहारी: बिहार के मोतिहारी से इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां गरीबों के अंतिम संस्कार के लिए मिलने वाली सरकारी राशि में घोटाले का खुलासा हुआ है। आरोप है कि कबीर अंत्येष्टि योजना की रकम लाभार्थियों तक पहुंचने के बजाय एक ही व्यक्ति के खाते में बार-बार ट्रांसफर की गई। मामला कल्याणपुर प्रखंड के दरमाहा गांव का है। यहां कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत मिलने वाली 3000 रुपये की सहायता राशि में भारी अनियमितता सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, राजपुर स्थित स्टेट बैंक के एक खाते (जिसके अंतिम अंक 430 बताए जा रहे हैं) में इस योजना की राशि एक साल के अंदर सैकड़ों बार ट्रांसफर की गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरे मामले का रिकॉर्ड खुद सरकारी पोर्टल पर मौजूद है। पेमेंट रिपोर्ट में लाभार्थियों के नाम, खाता संख्या, IFSC कोड, UTR नंबर और भुगतान की पूरी जानकारी दर्ज है। इसके बावजूद स्थानीय अधिकारियों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। अब सवाल उठ रहा है कि यह केवल लापरवाही है या फिर सुनियोजित भ्रष्टाचार का मामला है।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

जब नियम साफ तौर पर कहते हैं कि राशि सीधे लाभार्थी के खाते में भेजी जानी चाहिए, तो फिर एक ही खाते में बार-बार पैसा कैसे ट्रांसफर हुआ? सूत्रों के अनुसार, इस गड़बड़ी में अंदरखाने मिलीभगत की आशंका भी जताई जा रही है। मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया है। डीडीसी ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। इस घोटाले ने सिस्टम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या गरीबों के ‘कफन’ तक पर डाका डालने वालों के खिलाफ वाकई सख्त कार्रवाई होगी या यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।