MBA graduate youth, troubled by unemployment, commits suicide in Darbhanga

दरभंगा: दरभंगा जिले के लहेरियासराय थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां मदारपुर मोहल्ले में रहने वाले एक MBA पास युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक की पहचान 26 वर्षीय अभिषेक कुमार राय के रूप में हुई है, जो रमन राय के पुत्र थे।

परिजनों के अनुसार, अभिषेक ने MBA की पढ़ाई पूरी कर ली थी, लेकिन बीते तीन वर्षों से वह बेरोजगारी से जूझ रहा था। नौकरी न मिलने के कारण वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था। हालांकि परिवार की ओर से उस पर किसी तरह का दबाव नहीं था। अभिषेक के पिता रमन राय एक बैंक अधिकारी हैं, जबकि उसका छोटा भाई BPSC परीक्षा पास कर सरकारी शिक्षक बन चुका है। इसी कारण अभिषेक खुद को लेकर भीतर ही भीतर तनाव में रहता था।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

अभिषेक घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में अकेले रहता था। परिजनों ने बताया कि बीती रात वह काफी देर तक नीचे नहीं आया। कई बार फोन करने के बावजूद जब उसने कॉल रिसीव नहीं किया, तो परिवार को चिंता हुई। इसके बाद जब दरवाजा खोला गया, तो अभिषेक का शव पंखे से मफलर के सहारे लटका हुआ मिला। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही लहेरियासराय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच (दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल) भेज दिया। घटना के बाद से परिजन गहरे सदमे में हैं और घर में मातम का माहौल है।

मृतक के चाचा रामप्रीत राय ने बताया कि अभिषेक पढ़ाई में अच्छा था और नौकरी पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा था, लेकिन सफलता न मिलने से वह अंदर ही अंदर टूट चुका था। वहीं लहेरियासराय थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि परिजनों की सूचना पर कार्रवाई की गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की जांच की जाएगी।

यह घटना एक बार फिर बेरोजगारी और युवाओं पर पड़ने वाले मानसिक दबाव की गंभीर तस्वीर सामने लाती है।